पहाड़ी/मऊ (चित्रकूट) : जिले में बुधवार की रात दो किसान की निर्मम हत्या कर दी गई। पहली घटना पहाड़ी क्षेत्र में हुई। जहां पुरानी रंजिश में युवा किसान को गोलियों से भून दिया गया। वहीं रैपुरा क्षेत्र में बुजुर्ग किसान को कुल्हाड़ी से वार कर मार दिया गया। एसपी अतुल शर्मा ने डाग स्क्वाड व फोरेंसिक टीम के साथ दोनों स्थानों की पड़ताल की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है लेकिन, हत्यारे हाथ नहीं लगे हैं।पहाड़ी थाना क्षेत्र के दरसेड़ा निवासी 38 वर्षीय गौरीशंकर दुबे के पास बुधवार की रात किसी का फोन आया। जिसने उसे मिलने के लिए बुलाया। इस पर गौरी शंकर उसके बुलावे पर अपने ट्रैक्टर के चालक के साथ बाइक से घर से निकले। लेकिन, घर से थोड़ी ही दूर स्थित शक्ति तालाब के पास चालक उन्हें छोड़कर लौट गया। बताते हैं कि इसके बाद गौरी अपने टयूबवेल की ओर चला गया था। घर से तीन मीटर दूर स्थित ट्यूबवेल से थोड़ी देर में गोली चलने की आवाज आने लगी। बड़े भाई रमाशंकर के मुताबिक गौरीशंकर का फोन बंद होने पर वे लोग भाग कर बोर में गए। देखा कि पट्टीदार सुरेश द्विवेदी पुत्र राजकुमार, अशोक व निर्मल पुत्र स्व. कृष्णावतार, रमाकांत व शिवाकांत पुत्र सूरजदीन द्विवेदी उसके भाई को गोलियां मारकर भाग रहे थे। भाई की हत्या पुरानी रंजिश में हुई है। एसपी अतुल शर्मा ने बताया भाई की तहरीर पर पांच नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। घटना स्थल से 315 बोर तमंचा के खोखे मिले हैं। गौरी के सिर व सीने में पांच गोली लगी हैं बुजुर्ग के सिर व गले पर कुल्हाड़ी से वार मऊ प्रतिनिधि के अनुसार रैपुरा थाना के रामनगर में 65 वर्षीय रामसंवारे की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। बुजुर्ग किसान के चार बेटे हैं सभी महानगर में मजदूरी करते हैं। वह ट्यूबवेल में रहते थे। कुछ दिन पहले उनका बड़ा बेटा राम औतार गांव आया है। बताते हैं कि वह प्रतिदिन बेटा व बहु को दूध देने सुबह गांव के घर में आते थे। गुरुवार को दिन में करीब दस बजे तक नहीं पहुंचे तो खोजबीन शुरू हुई। लोग ट्यूबवेल में पहुंचे तो देखा कि वह चारपाई के नीचे मृत पड़े थे। उनके सिर व गले पर कुल्हाड़ी के गहरे घाव थे। प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र सिंह नागर ने बताया कि बेटे ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
Tags
chitrakoot news
